
Kiran Bedi
1 Books
किरण बेदी -
16 जुलाई, 1972 को भारतीय पुलिस सेवा में शामिल होने वाली प्रथम महिला अधिकारी का गौरव प्राप्त करने वाली किरण बेदी ने वीरता के लिए पुलिस पदक (1979), सातवाँ जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय एकात्मकता पुरस्कार (1980) तथा वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला का सम्मान हासिल किया। कई पुरस्कारों और पदकों से सम्मानित किरण बेदी समाज सुधार की अनेक धाराओं को विकसित करने वाली “नव ज्योति” संस्था की महासचिव हैं। यह संस्था 'नशीले पदार्थों के व्यसन का निवारण और उपचार' की दिशा में विशेष कार्य करती है।
9 जून, 1949 को अमृतसर में जन्मी किरण बेदी एक चर्चित भारतीय नाम है। एलएल.बी., पीएच.डी. सरीखी उच्च शैक्षिक योग्यता के साथ ही उन्हें जवाहरलाल नेहरू स्मारक निधि द्वारा "इट्स ऑलवेज़ पॉसिबिल" के लिए फ़ेलोशिप प्रदान की गयी है। किरण बेदी ने खालसा कॉलेज फॉर वीमेन, अमृतसर में प्राध्यापन (1970-72) भी किया तथा अध्ययन के दौरान काव्य, नाटक तथा वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में उन्हें अनेक पुरस्कार मिले हैं। एन.सी.सी. तथा लॉन टेनिस में उन्हें राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया गया है।
'नशीले पदार्थों का व्यसन और पारिवारिक हिंसा' विषय में डॉक्टर की उपाधि प्राप्त किरण बेदी ने अमरीका में और एशियाई अन्तर्राष्ट्रीय गोष्ठियों में “नशीले पदार्थों के सेवन और उनके अवैध व्यापार का निवारण” विषय पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। बीजिंग (चीन) में आयोजित "चौथा महिला विश्व सम्मेलन” में निमन्त्रित तथा अमरीकी राष्ट्रपति क्लिटन के साथ वाशिंगटन में नेशल प्रेयर ब्रेकफास्ट के लिए आमन्त्रित किरण बेदी ने जेल-सुधार, नशीले पदार्थों के सेवन का निवारण, महिलाओं में सामर्थ्य की वृद्धि, मानसिक अशक्तता की चिकित्सा और खेलकूद को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से “इंडिया विजन फाउण्डेशन" की स्थापना की है। उन्होंने तिहाड़ जेल-सुधारों पर अपने अध्ययन को प्रस्तुत करने के लिए नवम्बर 1993 में हांगकांग में आयोजित “सुधार प्रशासक : एशिया प्रशांत सम्मेलन" में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।