Publisher:
Bharatiya Jnanpith

डूबा सा अनडूबा तारा

In stock
Only %1 left
SKU
9788126318575
Rating:
0%
As low as ₹161.50 Regular Price ₹170.00
Save 5%
"डूबा-सा अनडूबा तारा - हिन्दी के लोकतन्त्र में कवि कैलाश वाजपेयी की रचनात्मक नागरिकता मौलिक एवं मूल्य सम्पन्न है। देश और काल के तुमुल कोलाहल में कैलाश वाजपेयी का अकुतोभय स्वर कविता के महाराग को समृद्ध करता है। इस समृद्धि के हीरक हस्ताक्षर 'डूबा-सा अनडूबा तारा' काव्य के प्रत्येक पृष्ठ पर आलोकित हैं। यह 'काव्यात्मक आख्यान' अथक मिथक-पुरुष अश्वत्थामा के साक्षी-भाव का संस्तवन है। निरपेक्ष द्रष्टा अश्वत्थामा जातीय स्मृतियों से सम्बद्ध अश्वत्थ वृक्षों की समयातीत छाया में आश्रय लेकर अस्तित्व की अन्तर्ध्वनियाँ सुनता है। एक गूढ़ अर्थ में यह काव्य अश्वत्थामा और अश्वत्थ वृक्षों का सांस्कृतिक संवाद भी है। लगता है यह आख्यान किसी अनाख्य ऊर्जा के निपात से सहसा जनमे वात्याचक्र की फलश्रुति है। जैसे बाँसों के जंगल में बहती बयार, जैसे शिशिर की प्रत्यूष वेला में चीड़ों पर चुपचुप गिरती ओस की बूँदें, जैसे सरपत के झाड़ों से खिलवाड़ करती ऊर्मियाँ, जैसे अलसाई पड़ी काया को चुपके से आकर छू ले कोई और अनगिन कम्पन रोम-रोम में, जैसे धुनी जाती रूई से उड़े लाख-लाख रेशे— ऐसा कुछ है अवचेतन; जहाँ पता नहीं कब से, सोयी पड़ी हैं कौन-सी छायाएँ... या फिर अदृश्य बहती माँ सरस्वती। इस अवचेतन ने 'डूबा-सा अनडूबा तारा' में अक्षर आकार प्राप्त किया है। इस प्रबन्ध रचना को पढ़कर ऐसा कुछ प्रतीत होगा कि निश्चित रूप से जिस साक्षी-भाव से पूरे के पूरे काल-प्रवाह को अश्वत्थामा ने देखा, उसी की अवध्वनि से उद्वेलित होकर यह कृति अभिव्यक्ति के द्वार तक आयी। कैलाश वाजपेयी लिखते हैं, ""जो हवा पी रहे तुम/ जिस धरती पर सस्पन्द हो/ उसका सब ब्यौरा अंकित है दिक् क्षेत्र में/ काल शाश्वत का अभिलेखागार है।"" काल के भी कई रूप हैं। एक काल वह जो मिथकों में है, दूसरा वह जो इतिहासबद्ध है, तीसरा वह जो मनश्चेतना से होकर प्रवाहित है। प्रतीत होता है कि इसी सर्जनात्मक अन्तरंग मनःस्थिति में 'डूबा-सा अनडूबा तारा' की रचना हुई है। यह प्रबन्ध रचना कृष्ण, बुद्ध, शंकर और कबीर के साथ धृतराष्ट्र, विदुर, सुजाता, भारती और नीमा आदि चरित्रों के दृष्टिकोण से की गयी 'सभ्यता-समीक्षा' का भी एक उत्कृष्ट उदाहरण है। विकास की विभिन्न अवधारणाओं का अनुगमन करती 'मानुष नियति' वर्तमान में गतिशील है। कैलाश वाजपेयी इस विकास और नियति का विदग्ध विश्लेषण करते हुए कवि-कर्म को एक अनूठी सार्थकता प्रदान करते हैं। मनुष्य और प्रकृति के अनन्य साहचर्य का इस रचना में कवि ने समकालीन भाष्य प्रस्तुत किया है— 'वृक्ष ज़िन्दगी के पहरुवे हैं।' अश्वत्थामा की मिथकीयता में मानवीयता का सम्मिश्रण इस कृति का महत्त्व बढ़ा देता है। इसकी भाषिक उपलब्धियाँ अभिशंसनीय हैं। अनेक कारणों से प्राय: इकरंगी होती जा रही काव्य-भाषा के बीच कैलाश वाजपेयी की भाषा अर्थापन, अर्थविस्तार एवं अर्थसौन्दर्य का उदाहरण है। 'डूबा-सा अनडूबा तारा' विरूप होती जा रही जीवनचर्या में एक प्रार्थनापरक मंगलाशा है 'कोई/ अनाम पराचेतना आये/ झकझोर कर हमें जगा दे गहरी नींद से, यह मंगलाशा छन्दों की भावानुकूलता से अलंकृत है। कविता के मर्मान्वेषी पाठकों के लिए सँभाल कर रखने योग्य एक आलोकवान काव्य-कृति। —सुशील सिद्धार्थ "
ISBN
9788126318575
Publisher:
Bharatiya Jnanpith
More Information
Publication Bharatiya Jnanpith
कैलाश वाजपेयी (Kailash Vajpeyi)

"कैलाश वाजपेयी - जन्म: 11 नवम्बर, 1936, उत्तर प्रदेश। शिक्षा: लखनऊ विश्वविद्यालय से एम.ए., पीएच. डी.। सन् 1960 मुम्बई में, टाइम्स ऑफ़ इंडिया, ग्रुप की पत्रिका 'सारिका' के प्रकाशन प्रभारी। 1961 में शिवाजी कॉलेज (दिल्ली) में विभागाध्यक्ष पद पर नियुक्ति। 1973 से 1976 तक 'एल कालेजियो दे मेख़िको' में भारतीय संस्कृति हिन्दी भाषा एवं साहित्य के विज़िटिंग प्रोफ़ेसर। 1976-77 में अमेरिका के डैलेस विश्वविद्यालय में एडजंक्ट प्रोफ़ेसर। प्रकाशन: 'आधुनिक हिन्दी कविता में शिल्प' (शोध प्रबन्ध)। 'संक्रान्त', 'देहान्त से हटकर', 'तीसरा अँधेरा', 'महास्वप्न का मध्यान्तर', 'प्रतिनिधि कविताएँ', 'सूफ़ीनामा', 'भविष्य घट रहा है', 'हवा में हस्ताक्षर', 'बियांड द सेल्फ़', 'चुनी हुई कविताएँ', 'एल आरबोल दे कार्ने' (स्पहानी भाषा में) (कविता संग्रह)। 'डूबा-सा अनडूबा तारा' (एक काव्यात्मक आख्यान)। 'युवा संन्यासी' (नाटक)। 'पृथ्वी का कृष्णपक्ष' (प्रबन्ध काव्य)। 'अनहद', 'शब्द संसार', 'समाज दर्शन और आदमी', 'है कुछ, दीखे और' (निबन्ध संग्रह)। 'भीतर भी ईश्वर' (आख्यायिकाएँ)। 'आधुनिकता का उत्तरोत्तर' (आलोचना)। 'साइंस ऑफ़ मन्त्राज़', 'मन्त्राज़ पालाबराज़ दे पोदेर' (रहस्य विज्ञान)। 'एस्ट्रो कॉम्बिनेशंस' (खगोलशास्त्र)। छह पुस्तकों का सम्पादन। पुरस्कार/सम्मान: हिन्दी अकादमी दिल्ली, एस. एस. मिलिनियम अवार्ड, व्यास सम्मान, ह्यूमन केयर ट्रस्ट अवार्ड, साहित्य शिखर सम्मान, साहित्य अकादेमी पुरस्कार। साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विनिमय कार्यक्रम के अन्तर्गत रूस, फ्रांस, जर्मनी, स्वीडेन, इटली अमेरिका, कनाडा आदि देशों की यात्रा। निधन: 1 अप्रैल 2015। "

Write Your Own Review
You're reviewing:डूबा सा अनडूबा तारा
Your Rating
कॉपीराइट © 2025 वाणी प्रकाशन पुस्तकें। सर्वाधिकार सुरक्षित।

Design & Developed by: https://octagontechs.com/