कपटपासा - अपने समय का कोई भी बड़ा कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से मनुष्य के केन्द्रीय प्रश्नों से साक्षात्कार करता और कराता है। ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित अन्तर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त ओड़िया कवि सीताकान्त महापात्र की कविताएँ भी मनुष्य की गहरी संवेदनाओं और उसके अस्तित्व की जटिलताओं को निरन्तर अभिव्यक्त करती हैं। उनके इस नये संग्रह 'कपटपासा' की कविताओं में भी मानवीय चिन्ताओं के स्वर अपने वैभव के साथ उपस्थित हैं। 'कपटपासा' की कविताओं में सघन बिम्बों और भाषा-शैली के माध्यम से परम्पराओं का सजग मूल्यांकन और आधुनिक जीवन मूल्यों का प्रखर विश्लेषण तो है ही, मिट्टी-पानी की अन्दरूनी खनक और गन्ध को भी सहज ही महसूस किया जा सकता है। डॉ. महापात्र का विश्वास है कि अतीत और भविष्य को मिलाकर वैकल्पिक वास्तविकता का सृजन कविता के ज़रिये ही सम्भव है। सारी हताशा, दुःख और यन्त्रणाओं में उनकी कविता मनुष्य की स्थिति के गम्भीरतम आनन्द की तलाश है। उनका यह संग्रह आधुनिक भारतीय कविता के इसी प्रमुख स्वर का अन्यतम उदाहरण है।
सीताकान्त महापात्र
जन्म : सन् 1937, ओडिशा में। उत्कल, इलाहाबाद तथा कैम्ब्रिज विश्वविद्यालयों में शिक्षा।
1975-77 में होमी भाभा फ़ेलोशिप पाकर सामाजिक नेतृत्व विज्ञान में डॉक्टरेट की उपाधि। 1961 से भारतीय प्रशासनिक सेवा से सम्बद्ध रहे। ओडिशा सरकार तथा केन्द्र सरकार में विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे तो यूनेस्को में भी काम किया।
प्रमुख कृतियाँ : अब तक ओड़िया भाषा में सत्रह काव्य-संग्रह तथा आलोचनात्मक निबन्धों के छह संग्रह प्रकाशित। अधिकांश रचनाएँ अन्य भारतीय भाषाओं के अलावा अंग्रेज़ी, स्पेनिश, फ़्रेंच, जर्मन, रूसी, स्वीडिश आदि विदेशी भाषाओं में अनूदित व प्रकाशित।
राष्ट्रपति द्वारा ‘पद्मभूषण’ एवं ‘पद्मविभूषण’ से अलंकृत। 1993 के ‘ज्ञानपीठ पुरस्कार’ के अलावा ‘कबीर सम्मान’, ‘केन्द्रीय साहित्य अकादेमी पुरस्कार’, ‘सारला पुरस्कार’, ‘कुमारन आशन पोयट्री पुरस्कार’, ‘ओडिशा साहित्य अकादेमी पुरस्कार’, ‘सोवियत लैंड नेहरू पुरस्कार’, ‘विषुव सम्मान’ सहित अनेक पुरस्कारों से सम्मानित।